वियतनाम की ऑटो कंपनी VinFast ने आखिरकार भारत में अपनी आधिकारिक एंट्री कर ली है। कंपनी ने तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से शुरुआत करते हुए भारतीय मार्केट में एक साथ दो इलेक्ट्रिक SUV – VF6 और VF7 लॉन्च की हैं। इन दोनों गाड़ियों की बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है और अब कीमतों का भी खुलासा कर दिया गया है।
लॉन्च
VinFast ने VF6 और VF7 को भारत में ऑफिशियल तौर पर पेश किया है। VF6 की शुरुआती कीमत ₹16.49 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है, जबकि VF7 की कीमत ₹20.89 लाख से ₹25.49 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है। इन गाड़ियों की बुकिंग जुलाई 2025 से ₹21,000 टोकन अमाउंट पर शुरू हो चुकी थी और जल्द ही डिलीवरी भी शुरू होने वाली है।
VF6
VinFast VF6 को कंपनी ने Tata Curvv, Mahindra BE 6, Hyundai Creta EV और MG ZS EV जैसे मॉडलों के मुकाबले उतारा है। इसकी तीन वेरिएंट्स – Earth, Wind और Wind Infinity लॉन्च हुए हैं। कीमतें क्रमशः ₹16.49 लाख, ₹17.17 लाख और ₹18.29 लाख हैं।
इसके डाइमेंशन की बात करें तो VF6 की लंबाई 4,241 मिमी, चौड़ाई 1,834 मिमी, ऊंचाई 1,580 मिमी और व्हीलबेस 2,730 मिमी है। SUV को 190 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस और 18-इंच अलॉय व्हील्स मिले हैं। बाहर से यह फुल-विड्थ LED DRLs, फ्लश डोर हैंडल्स, LED हेडलाइट और टेललाइट सेटअप के साथ प्रीमियम लुक देती है।

इंटीरियर में 12.9-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), पैनोरमिक ग्लास रूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और लेदरट जैसी प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं।
पावर के लिए इसमें 59.6 kWh बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल FWD मोटर को पावर देता है। यह मोटर 204 bhp पावर और 310 Nm टॉर्क जनरेट करती है। 0-100 km/h की स्पीड पकड़ने में इसे सिर्फ 8.89 सेकंड लगते हैं। कंपनी का दावा है कि यह SUV एक बार चार्ज करने पर 480 किमी तक चल सकती है। इसमें लेवल-2 ADAS, 7 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसे सेफ्टी फीचर्स भी स्टैंडर्ड मिलते हैं।
VF7
VinFast VF7 कंपनी की दूसरी और ज्यादा प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV है। इसकी शुरुआती कीमत ₹20.89 लाख रखी गई है। VF7 को पांच वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है – Earth FWD, Wind FWD, Wind Infinity FWD, Sky AWD और Sky Infinity AWD। इनकी कीमतें ₹20.89 लाख से ₹25.49 लाख तक जाती हैं।
VF7 के डाइमेंशन की बात करें तो इसकी लंबाई 4,545 मिमी, चौड़ाई 1,890 मिमी, ऊंचाई 1,636 मिमी और व्हीलबेस 2,840 मिमी है। SUV को 190 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस और 19-इंच अलॉय व्हील्स मिले हैं।
पावर की बात करें तो इसके बेस Earth FWD वेरिएंट में वही 59.6 kWh बैटरी पैक है जो VF6 में मिलता है। बाकी सभी वेरिएंट्स को 70.8 kWh बैटरी दी गई है। FWD वेरिएंट्स में 204 bhp और 310 Nm, जबकि AWD वेरिएंट्स में 350 bhp और 500 Nm की जबरदस्त ताकत मिलती है।

रेंज की बात करें तो यह इलेक्ट्रिक SUV एक बार चार्ज करने पर 450 किमी तक चल सकती है, वहीं AWD वेरिएंट्स की रेंज थोड़ी कम होकर 431 किमी हो जाती है।
इंटीरियर में VF7 को VF6 जैसे ही प्रीमियम फीचर्स मिले हैं, लेकिन इसमें स्पेस ज्यादा है। इसमें भी 12.9-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस Android Auto/Apple CarPlay, पैनोरमिक सनरूफ, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स शामिल हैं।
मुकाबला
VinFast VF6 और VF7 भारतीय मार्केट में सीधे Tata, Mahindra, Hyundai और MG जैसी कंपनियों को टक्कर देंगे। खासतौर पर, Tata Harrier EV, Mahindra XEV 9e और Hyundai Creta Electric जैसी गाड़ियों के सामने VinFast अपनी दमदार एंट्री कर चुकी है।